4 Nov 2026, Wed

न्यायालय परिसर से एसी का कॉपर पाइप चोरी, कबाड़ी भी गिरफ्तार

चोरी का माल खरीदने के आरोप में मनेंद्रगढ़ के कबाड़ी को भेजा गया जेल, चिरमिरी पुलिस की कार्रवाई

| चिरमिरी() न्यायालय परिसर में लगे एसी का कॉपर पाइप चोरी करने के मामले में चिरमिरी पुलिस ने चोरी के आरोपियों के बाद अब चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी रियाजुद्दीन उर्फ चुनमुन, निवासी मनेंद्रगढ़ को 4 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। इस कार्रवाई के साथ पुलिस ने चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों के खिलाफ भी शिकंजा कसने का संदेश दिया है।

न्यायालय परिसर को बनाया था निशाना

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 सितंबर 2026 को प्रार्थी मनीष कुमार पैकरा, निवासी बी-टाइप गोदरीपारा ने व्यवहार न्यायालय चिरमिरी में आवेदन प्रस्तुत कर बताया था कि न्यायालय परिसर में लगे एसी का कॉपर पाइप अज्ञात आरोपियों द्वारा चोरी कर लिया गया है।

शिकायत के आधार पर थाना चिरमिरी में अपराध क्रमांक 337/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पूछताछ में सामने आए चोरी के आरोपी

मामले की जांच के दौरान थाना प्रभारी वासुदेव परगनिहा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी जितेश कुमार, निवासी छोटाबाजार को पकड़कर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने अपने साथी अजय उर्फ अज्जू सोनवानी, निवासी बड़ा बाजार के साथ चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपियों ने चोरी किए गए कॉपर पाइप को मनेंद्रगढ़ स्थित चुनमुन की कबाड़ दुकान में बेचने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने चोरी के सामान की बरामदगी करते हुए पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था।

चोरी का सामान खरीदने वाला भी पहुंचा जेल

विवेचना के दौरान चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी रियाजुद्दीन उर्फ चुनमुन, पिता सिराजुद्दीन, निवासी मनेंद्रगढ़ की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने 4 नवंबर 2026 को उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह (आईपीएस) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल विश्वकर्मा एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में की गई।

कार्रवाई में थाना प्रभारी चिरमिरी वासुदेव परगनिहा, सहायक उपनिरीक्षक विपिन मिंज, प्रधान आरक्षक अशोक मलिक एवं आरक्षक सुरेश तिग्गा की सराहनीय भूमिका रही।

एमसीबी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चोरी के मामलों में केवल चोरी करने वालों ही नहीं, बल्कि चोरी का सामान खरीदने और उसकी खरीद-फरोख्त में शामिल आरोपियों के विरुद्ध भी लगातार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *