20 Sep 2026, Sun

राकेश तिवारी ने विद्यार्थियों से कहा- बड़े सपने देखें, मेहनत से गढ़ें विकसित भारत

सेवा संकल्प अभियान में चित्रकला-भाषण प्रतियोगिता, विद्यार्थियों ने तूलिका और शब्दों से दिखाई भारत के भविष्य की तस्वीर

धनपुरी। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ समाजसेवी राकेश तिवारी ने विद्यार्थियों से बड़े लक्ष्य तय कर निरंतर परिश्रम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी ही 2047 के विकसित भारत की नींव मजबूत करेगी। इसके लिए शिक्षा के साथ अनुशासन, नवाचार, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रहित की भावना जरूरी है।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत रेड रोज हाई सेकेंडरी स्कूल धनपुरी में राष्ट्रीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राकेश तिवारी ने विद्यार्थियों को ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प से जोड़ते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकार का दायित्व नहीं है। प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से ही भारत को सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की यात्रा सेवा, संकल्प और राष्ट्र निर्माण की भावना से जुड़ी रही है। देश को विकास की नई दिशा देने के प्रयासों के साथ युवाओं की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। विद्यार्थी अपनी प्रतिभा को सही दिशा देकर देश की प्रगति में योगदान दे सकते हैं।

तूलिका में उभरा विकसित भारत का सपना

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ‘विकसित भारत 2047’ और जनकल्याण से जुड़े विषयों पर चित्रकला तथा भाषण के माध्यम से अपनी कल्पनाओं और विचारों को अभिव्यक्त किया। उनकी प्रस्तुतियों में विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत की कल्पना नजर आई।
विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए तिवारी ने कहा कि बच्चों के सपनों में ही आने वाले भारत की तस्वीर दिखाई देती है। ऐसे आयोजन प्रतिभा को मंच देने के साथ विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और सामाजिक सरोकार की भावना विकसित करते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि सफलता के लिए लक्ष्य स्पष्ट रखें और उसे हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करें। शिक्षा को केवल परीक्षा तक सीमित न रखते हुए उसे व्यक्तित्व निर्माण और समाज के प्रति जिम्मेदारी से जोड़ने की जरूरत है।
कार्यक्रम में अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला महामंत्री ओमी सिंह करपेती एवं विद्यालय की प्राचार्य रुबिका सिद्दीकी मंचासीन रहीं। विद्यालय परिवार ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *