4 Nov 2026, Wed

अमेरिका के ह्यूस्टन में 50 हजार भारतीयों को संबोधित करेंगे मोदी

वॉशिंगटन: ‘हाउडी मोदी’ ह्यूस्टन में 50 हजार भारतीयों को संबोधित करेंगे मोदी. इस कार्यक्रम में अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप भी शामिल होंगे। वाइट हाउस ने रविवार देर रात इसकी पुष्टि कर दी है। यह कार्यक्रम 22 सितंबर को यूएस के ह्यूस्टन में होना है और इस कार्यक्रम में ऐसा पहली बार होगा जब दो सबसे बड़े लोकतांत्रिक देशों के शीर्ष नेता दुनिया के किसी भी कोने में साझा रूप से रैली को संबोधित कर रहे होंगे।

ह्यूस्टन के एनआरजी स्टेडियम में होनेवाले इस कार्यक्रम में 50 हजार से ज्यादा इंडो-अमेरिकन लोगों के आने की संभावना है। इतने रजिस्ट्रेशन अबतक हो चुके हैं। इसके संबंध में वाइट हाउस की मीडिया सचिव स्टेफिनी ने बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि मोदी और ट्रंप की यह जॉइंट रैली भारत और अमेरिका के रिश्तों को मजबूत करने का अहम मौका होगा। वाइट हाउस ने बताया कि पीएम ऑफिस की तरफ से ही इसके लिए गुजारिश की गई थी।

बता दें कि ऐसा पहली बार होगा कि यूएस में कोई अमेरिकी राष्ट्रपति एकसाथ हजारों इंडो-अमेरिकन नागरिकों को संबोधित करेगा। यूएस में भारतीय राजदूत हर्ष वर्धन सिंघल ने इस इवेंट को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व बताया है। ‘हाउडी’ शब्द अंग्रेजी के ‘हाउ डू यू डू’ की शॉर्ट फॉर्म है। साउथ वेस्ट यूएस में यह शब्द काफी चलता है।

मोदी और ट्रंप पिछले ही महीने फ्रांस में जी-7 समिट के दौरान मिले थे। भारत जी-7 का हिस्सा नहीं है, लेकिन मोदी को फ्रांस राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने विशेष अतिथि के रूप में बुलाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *