4 Nov 2026, Wed

उत्तर प्रदेश में सड़क किनारे सो रहे श्रद्धालुओं को बस रौंदा, सात की मौत

मेरठ, 11 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मेरठ मंडल के बुलंदशहर जनपद में भीषण सड़क हादसे में नरौरा के गांधी गंगा घाट के समीप सड़क किनारे सो रहे सात श्रद्धालुओं की बस से कुचल कर मौत हो गई। आज तड़के हुए इस हादसे में मरने वालों में तीन बच्चे और चार महिलाएं हैं। सभी श्रद्धालु वैष्णो देवी के दर्शन करके लौट रहे थे। एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि हाथरस जिले के थाना चंदपा क्षेत्र निवासी फूलवती का परिवार कुछ ग्रामीणों और रिश्तेदारों के साथ बस से तीर्थयात्रा पर निकला था। वैष्णो देवी से दर्शन कर लौट रहे सभी यात्री शुक्रवार तड़के नरौरा के गांधी गंगा घाट पर पहुंचे थे। यात्री वहीं पर बस से उतर कर सड़क किनारे सो गए। तड़के लगभग चार बजे तीर्थ यात्रियों से भरी एक दूसरी बस ने सड़क किनारे सो रहे यात्रियों को कुचल दिया। घटना के बाद आरोपी बस चालक मौके से फरार हो गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर शोक जताया है और सभी मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये देने की घोषणा की है। एसएसपी के अनुसार मरने वाले सभी एक ही परिवार से हैं। इनके नाम फूलवती(65), माला देवी (32), शीला देवी (35), योगिता (5), कल्पना (4), रेनू (22) और संजना(4) हैं।

Source: Uttarpradesh Feed By RSS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *