5 May 2026, Tue

मध्य प्रदेश सरकार के साथ सौतेला व्यवहार कर रहा केंद्र: वर्मा

भोपाल, 11 अक्टूबर (भाषा) केंद्र सरकार पर मध्य प्रदेश की कांग्रेस सरकार के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए राज्य के लोक निर्माण मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने शुक्रवार को दावा किया प्रदेश में अत्यधिक वर्षा एवं बाढ़ से खराब हुई सड़कों एवं पुलों की मरम्मत के लिए अब तक फूटी कौड़ी भी नहीं मिली है। वर्मा ने यह आरोप भी लगाया कि पूर्ववर्ती भाजपा नीत सरकार में सड़कों के निर्माण में हुए भ्रष्टाचार के कारण बरसात के इस मौसम में इन सड़कों की यह दुर्दशा हुई। वर्मा ने यहां संवाददाताओं से कहा कि जो सड़के एवं पुल खराब हुए हैं, उन्हें पूर्ववर्ती भाजपा शासनकाल में बनाया गया था, न कि हमारे शासनकाल में। हमें सत्ता में आये अभी केवल नौ महीने ही हुए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘इतने कम समय में सड़कों के खराब होने की हम जांच कराएंगे और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करेंगे।’’ वर्मा ने कहा, ‘‘मध्यप्रदेश में अति-वर्षा एवं बाढ़ से खराब हुई सड़कों, पुल-पुलिया की मरम्मत के लिए हमने केन्द्र सरकार से 1,188 करोड़ रुपये की मदद देने का आग्रह (एक महीने पहले) किया था। लेकिन केन्द्र सरकार ने अब तक हमें इस मद में एक फूटी कौड़ी भी नहीं दी है।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि केन्द्र सरकार कांग्रेस नीत मध्य प्रदेश सरकार के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने खराब हुई इन सड़कों, पुल-पुलिया की तेजी से मरम्मत करने का काम अपने कोष से शुरू कर दिया है, ताकि यात्रियों को असुविधा न हो। उन्होंने दावा किया कि खराब हुई इन सड़कों को समूचे प्रदेश में 30 नवंबर तक ठीक कर लिया जाएगा।

Source: Madhyapradesh Feed By RSS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *