
एनबीटी न्यूज, नंदग्राम : एएसआईएससी नैशनल एथलेटिक्स मीट में गाजियाबाद जोन के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण समेत 5 पदक जीते। प्रतियोगिता पुणे में चल रही है। गाजियाबाद जोन के कोच अमरदीप ने बताया कि मीट के दूसरे दिन शनिवार को सेंट जेवियर स्कूल के हिमांशु देव ने जेवलिन थ्रो और शॉट पुट में स्वर्ण पदक जीता। सेंट जोसेफ अकैडमी के अभिषेक सिंह ने रजत और काव्य बिष्ट ने कांस्य पदक जीता। अंडर 14 बालक वर्ग के डिस्कस थ्रो में अभिषेक ने 36.34 मीटर की दूरी के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। लंबी कूद में काव्य बिष्ट ने 5.69 मीटर छलांग लगाई। हिमांशु और अभिषेक का एसजीएफआई की प्रतियोगिता के लिए भी चयन हो गया है। रविवार को गाजियाबाद जोन ने 4 सौ गुना 4 रिले दौड़ में तीसरा स्थान हासिल करते हुए कांस्य पदक जीता। इस टीम में सेंट जोसेफ अकैडमी के प्रथम पाराशर और फातिमा कान्वेंट के आदित्य राय शामिल थे।
Source: Uttarpradesh Feed By RSS
