5 Nov 2026, Thu

इस शख्स ने डिजाइन किया सैफ अली खान का 'लाल कप्तान' लुक

एक नागा साधु का लुक काफी अलग होता है और ‘लाल कप्तान’ में सैफ को इसी लुक के रंग में ढालना दर्शन येवालेकर के लिए कोई आसान काम नहीं था। येवालेकर वही शख्स हैं जिन्होंने ‘पद्मावत’ में रणवीर सिंह को अलाउद्दीन खिलजी का लुक दिया था। ‘पद्मावत’ में लोगों ने खिलजी के रूप में रणवीर को खूब पसंद किया था। रणवीर की ऐक्टिंग के साथ उनके लुक ने भी वाहवाही लूटी थी।

नवदीप सिंह द्वारा निर्देशित ‘लाल कप्तान’ में सैफ एक नागा साधु के किरदार में नजर आएंगे। दर्शन ने कहा, ‘एक नागा साधु वह आदमी है जो सामाजिक जीवन सहित सभी चीजों का त्याग देता है। ये साधु हमेशा राख से ढंके रहते हैं, जो एक सफेद पाऊडर के जैसे होता है। चूंकि वे ईश्वर के मार्ग का अनुसरण करते हैं, वे अपने बारे में नहीं सोचते हैं। वे कभी अपने बाल या दाढ़ी को नहीं काटते हैं, ऐसे में जटाओं का होना स्वाभाविक है। यहीं से इस लुक के लिए प्रेरणा मिली।’

उन्होंने आगे कहा, ‘नागा लुक काफी वास्तविक, भिन्न और साहसिक होता है। सैफ पर इसी को जीवंत करने का विचार था। अब इसके लिए हमें लंबे बाल, जटाओं और दाढ़ी के ऊपर काम करना था, इसलिए मैंने सैफ से बाल और दाढ़ी बढ़ाने को कहा क्योंकि तभी हम असली के बाल और एक्सटेंशन के बीच एक सहज मिश्रण बना सकते थे।’

दर्शन ने कहा, ‘फर्स्ट लुक दो घंटे तक के लिए चला। न केवल निर्देशक और प्रॉडक्शन बल्कि सैफ ने भी काफी धैर्य बरता क्योंकि उन्हें पता था कि हम कुछ ऐसा बनाने की कोशिश कर रहे हैं जो हमारे कम्फर्ट जोन से बाहर है। ऐसा नहीं है कि इतना कठिन लुक मैं हर दिन बनाता हूं, तो मुझे सुधार और प्रयोग करना पड़ा।’

‘लाल कप्तान’ 18 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। जब से इस फिल्म का ट्रेलर आउट हुआ है तब से फैन्स में इसके प्रति और भी उत्सुकता जाग गई है।

Source: Bollywood Feed By RSS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *