10 Jun 2026, Wed

पशुधन चोरी: भाजपा विधायक और पशुपालन मंत्री आमने सामने

ग्वालियर
अंचल में पशुधन चोरी की बढ़ती वारदातों को लेकर भाजपा विधायक और पशुपालन मंत्री आमने सामने आ गए हैं। चोरी से नाराज भाजपा विधायक ने पुलिस अधीक्षक को पत्र देकर पशु चोर गैंग को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है साथ ही कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। विधायक ने तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश के पशुपालन मंत्री के गांव से ही पशु चोरी हो रहे है ऐसे में जनता कैसे सुरक्षित रह सकती है। उधर विधायक के आरोपों का जवाब देते हुए पशुपालन मंत्री ने पशुधन चोरी को पुरानी परंपरा बताते हुए कहा कि मुझे पता चला है पशुधन चोरी मामले में भाजपा विधायक का ही हाथ है।

अतिवृष्टि से हुई फसल की बर्बादी झेल चुके ग्वालियर अंचल के किसान की नींद इन दिनों पशु चोर गैंग ने उड़ा रखी है। पशु चोरी के आंकड़ों पर नजर डालें तो अंचल से लगभग एक करोड़ से अधिक का पशुधन पिछले  कुछ महीनों में चोरी हुआ है। पशु चोरी की बढ़ती वारदातों से नाराज भाजपा विधायक भारत सिंह ने पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन को पत्र लिखकर चोर गैंग को गिरफ्तार करने की मांग की है उनका कहना है कि यदि जल्दी चोर नहीं पकडे गए तो वे आन्दोलन करेंगे।  विधायक भारत सिंह का कहना है कि उनकी विधानसभा ग्वालियर ग्रामीण से ही पिछले कुछ दिनों में 70 – 80  लाख से अधिक का पशुधन चोरी हो चुका है जिसमें भैसों की संख्या ज्यादा है। उन्होंने आरोप लगाये कि प्रदेश के पशुपालन मंत्री और जिले की भितरवार विधानसभा से विधायक के गांव पार में भी पशुधन की चोरी की वारदातें हुईं हैं। अब कांग्रेस की सरकार में ना तो जनता सुरक्षित है और ना ही पशु सुरक्षित हैं।

विधायक भारत सिंह के आरोपों का जवाब देते पशुपालन मंत्री लाखन सिंह यादव का कहना है कि पशुधन चोरी की घटना अंचल में कोई नई घटना नहीं है पशु चोरी की घटना पिछली सरकारों के कार्यकाल के दौरान भी होती रही हैं। ये एक परंपरा जैसी है। ऐसा नहीं है कि भाजपा के शासन में प्रदेश में राम राज्य था चोरियां तब भी होती थी। उन्होंने कहा कि मेरी जानकारी में तो यहां आया है पशुधन चोरी के पीछे भाजपा विधायक भारत सिंह का ही हाथ है। उधर पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन का कहना है कि विधायक का पत्र मिला है हमने पशु चोर गैंग को पकड़ने के लिए एक टीम बनाई है और जल्दी ही इन्हें गिरफ्तार किया जायेगा। बहरहाल पशुधन चोरी के मामले में पशुपालन मंत्री और भाजपा विधायक कुछ भी कहे लेकिन अंचल के किसान तो हर तरफ से पिस रहा है । उसे अतिवृष्टि का मुआवजा अब तक नहीं मिला और ऊपर से पशुधन चोरी की मार उसे झेलना भारी पड़ रही है।  देखना ये होगा कि पुलिस पशुधन चोर गैंग को गिरफ्तार कर किसानों के पशु कब तक वापस दिलाती है।

Source: National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *