26 Jun 2026, Fri

विद्यार्थियों की रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के लिए स्थापित होंगे बाल युवा क्लब

भोपाल

प्रदेश के चयनित स्कूलों में विद्यार्थियों की विभिन्न रुचियों और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के लिए बाल युवा क्लब स्थापित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री कमल नाथ ने आज पंडित जवाहर लाल नेहरु की 130वीं जयंती पर यह घोषणा की।

मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कहा कि पंडित नेहरू बच्चों के संपूर्ण व्यक्तित्व के विकास के पक्षधर थे। इसलिए उन्होंने शिक्षा और विज्ञान के साथ अन्य गतिविधियों में रूचि रखने वाले बच्चों को प्रोत्साहित करने की नीति बनाई थी। कमल नाथ ने कहा कि पंडित नेहरू का सपना था कि हमारे देश का भविष्य हमारे बच्चे न केवल शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट हों बल्कि अन्य विधाओं में भी पारंगत हों।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी सोच के अनुरूप शासकीय स्कूलों में बाल युवा क्लब स्थापित किए जाएंगे। क्लबों में खेल-कूद, कला, साहित्य, चित्रकला, लेखन, वाद-विवाद, सैन्य शिक्षा, बाल युवा संसद आदि गतिविधियों के जरिए बच्चों को उनकी रूचि के अनुसार प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके लिए विभिन्न विधाओं में प्रशिक्षित शिक्षकों की सेवाएँ ली जाएंगी। ये शिक्षक 14 से 18 वर्ष तक की आयु के बच्चों को उनकी रूचि के अनुरूप प्रशिक्षित करेंगे।

स्कूलों में रेड-ब्लू हाउस बनाकर समान विधाओं में प्रशिक्षित बच्चों की प्रतियोगिताएँ होंगी। इससे उत्कृष्ट प्रतिभाएँ उभरकर सामने आएंगी और बच्चे अपने कौशल से देश-विदेश में अपनी विधाओं में स्वीकार्यता पाएंगे।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *