17 Jun 2026, Wed

इंदौर कृषि महाविद्यालय को विश्वविद्यालय का दर्जा दिया जाएगा : मंत्री सचिन यादव

 इंदौर
 किसान कल्याण एवं कृषि विकास, उद्यानिकी तथा खाद्य प्र-संस्करण मंत्री सचिन यादव ने शुक्रवार को इन्दौर में कृषि तकनीकों पर आधारित चार दिवसीय ''फार्म टेक एशिया'' अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। यादव ने इस मौके पर कहा कि इंदौर कृषि महाविद्यालय को विश्वविद्यालय का दर्जा दिया जायेगा। उन्होंने विश्वविद्यालय के डीन को इस बारे में प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिये।

मंत्री सचिन यादव ने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों में जागरूकता आएगी। यहाँ प्रदर्शित उन्नत तकनीकों को अपनाकर किसान अपने समय,श्रम और धन की बचत कर सकेंगे। इससे किसानों को अधिक मात्रा में गुणवत्तापूर्ण उत्पादन प्राप्त होगा और उनका मुनाफा भी बढ़ेगा। यादव ने कहा कि अब हमें ऑर्गेनिक खेती की ओर बढ़ना चाहिए। इसके माध्यम से हमारे किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार होने के साथ-साथ पर्यावरण सरंक्षण भी संभव होगा। किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री ने कहा कि किसानों का कल्याण, राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसानों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिये सभी संभव प्रयास किये जा रहे हैं।

चार दिवसीय ''फार्म टेक एशिया'' अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनी में कृषि, बागवानी, डेयरी ओर पशुधन की नवीनतम तकनीकों पर आधारित 200 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। प्रदर्शनी में प्रवेश की नि:शुल्क व्यवस्था है।

Source: National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *