4 May 2026, Mon

मध्य प्रदेश कांग्रेस ने की भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर की संसद सदस्यता खत्म करने की मांग

भोपाल, 28 नवंबर (भाषा) मध्य प्रदेश कांग्रेस ने भोपाल सीट से भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के लोकसभा में एक दिन पहले दिए गये विवादित बयान को लेकर बृहस्पतिवार को उनकी संसद सदस्यता खत्म करने की मांग की। मध्य प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग की अध्यक्ष शोभा ओझा ने यहां संवाददाताओं को बताया, ‘‘संसद के अंदर प्रज्ञा ने जिस भाषा का उपयोग किया, जिस तरह से उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को महिमामंडित किया, उसकी हम कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। साथ ही उनकी संसद सदस्यता तुरंत समाप्त करने की मांग करते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा व्यक्ति जो संविधान की शपथ लेने के बाद गोडसे को महिमामंडित करता है, उसका संसद भवन में सांसद के रूप में रहना देश एवं राष्ट्रपिता का अपमान है।’’ ओझा ने बताया, ‘‘इसलिए हम कड़े शब्दों में मांग करते हैं हुए भाजपा एवं प्रधानमंत्री (नरेन्द्र मोदी) से निवेदन करते हैं कि वह उन्हें तुरंत बर्खास्त करें।’’ गौरतलब है कि प्रज्ञा ने बुधवार को लोकसभा में एसपीजी संशोधन विधेयक पर चर्चा के दौरान उस वक्त विवादित टिप्पणी की थी जब द्रमुक सदस्य ए राजा बोल रहे थे। प्रज्ञा की टिप्पणी को सदन की कार्यवाही से हटा दिया गया। प्रज्ञा ने इस साल हुए लोकसभा चुनाव के दौरान भी नाथूराम गोडसे को ‘देशभक्त’ बताया था। इसके अलावा, शोभा ने केन्द्र की भाजपा-नीत राजग सरकार पर मध्य प्रदेश को अतिवृष्टि और बाढ़ से प्रभावितों को राहत पैकेज दिलाने के लिए राशि न दिये जाने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता 30 नवंबर को प्रज्ञा सिंह ठाकुर सहित मध्य प्रदेश के सभी 28 सांसदों को घेराव करेगी। उन्होंने कहा, ‘‘मध्य प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों में से 28 पर भाजपा के सांसद हैं। केन्द्र से मध्य प्रदेश सरकार को जो राशि मिलनी चाहिए, उसे केन्द्र सरकार नहीं दे रही है। उसके बावजूद सभी सांसद अपने-अपने पदों पर बने हुए हैं।’’ शोभा ने बताया, ‘‘हमारे नेता एवं कार्यकर्ता इन सभी 28 भाजपा सांसदों को 30 नवंबर को घेरेंगे और मांग करेंगे कि केन्द्र से मध्य प्रदेश को यह राशि दिलाने के लिए वे अपनी आवाज बुलंद करें, नहीं तो उनको भी सांसद रहने का अधिकार नहीं है।’’

Source: Madhyapradesh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *