6 Nov 2026, Fri

हनी ट्रैप मामले में इंदौर में पांच जगह छापेमारी

इंदौर, एक दिसम्बर (भाषा) मध्यप्रदेश के बहुचर्चित हनी ट्रैप मामले में पुलिस और प्रशासन की टीमों ने यहां शनिवार देर रात एक कारोबारी और उसके मीडिया संस्थान समेत पांच स्थानों पर छापे मारे। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि स्थानीय कारोबारी जीतेन्द्र सोनी के घर, होटल, रेस्तरां और नाइट क्लब पर छापे मारे गये। सोनी एक सांध्य दैनिक के मालिक भी हैं। दल जांच के लिए इस मीडिया संस्थान के दफ्तर भी पहुंचा। पुलिस और प्रशासन की ओर से अब तक इस कार्रवाई का कोई आधिकारिक विवरण नहीं दिया गया है। सोनी का मीडिया संस्थान पिछले कई दिनों से हनी ट्रैप मामले से जुड़े ऑडियो-वीडियो की खबरें प्रकाशित और प्रसारित कर रहा है। इस बीच, स्थानीय पत्रकार संगठनों ने सोनी के मीडिया संस्थान पर छापे को लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को डराने का सरकारी प्रयास करार देते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। उल्लेखनीय है कि इंदौर नगर निगम के अधीक्षण इंजीनियर हरभजन सिंह (60) की शिकायत पर पुलिस ने 19 सितंबर को हनी ट्रैप गिरोह का खुलासा किया था। गिरोह की पांच महिलाओं और उनके चालक को भोपाल और इंदौर से गिरफ्तार किया गया था। गिरोह पर आरोप है कि वह खुफिया कैमरों से अंतरंग पलों के वीडियो बनाकर लोगों को ब्लैकमेल करता था।

Source: Madhyapradesh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *