10 May 2026, Sun

वह गिड़गिड़ाती रही, भीड़ लगाती रही बोली

बुलंदशहर
7 साल पहले आई फिल्म ‘अग्निपथ’ तो याद होगी। मूवी में राउफ लाला बीच चौराहे पर एक किशोरी को खड़ा कर बोली लगाता है। ठीक यही सीन यूपी में बुलंदशहर के अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में दोहराया गया। 20 साल से 80 साल की उम्र तक के लोग जुटे थे। 50 हजार रुपये से 16 साल की लड़की की बोली शुरू हुई।

बोली लगाने वालों का नंबर आता तो बिल्कुल अग्निपथ के उस सीन की तरह किशोरी को छूते। रोने से किशोरी की आंखें लाल हो चुकी थीं, लेकिन किसी की आंखों में न तो शर्म थी और न ही मानवता। इसी बीच एक सूचना पर पुलिस पहुंची। भगदड़ मची और कई खरीदार भाग गए। 2 महिलाओं समेत 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। महिला सेल की सुरक्षा में किशोरी अपने परिवारवालों का इंतजार कर रही है।

बोली लगाने वालों की लाइन में बुजुर्ग भीअहमदगढ़ थाना इंचार्ज धनेंद्र यादव ने बताया कि रांची (झारखंड) की 16 वर्षीय लड़की की मां का करीब एक साल पहले देहांत हो गया था। उसकी सौतेली मां ने रांची के गांव पिसका नगरी नारो बस्ती की रहने वाली कलावती को 50 हजार रुपये में बेच दिया। कलावती किशोरी को लेकर नौरंगाबाद गांव में पहुंची। पूरे गांव में किशोरी के बिकने की खबर फैलाई गई।

भीड़ जमा हुई तो बोली लगने लगी। बोली लगाने वालों की लाइन में 20 साल से 80 साल तक के लोग थे। एक व्यक्ति ने 80 हजार रुपये की अधिकतम कीमत लगाई थी, तभी पुलिस पहुंच गई। मौके से कलावती, खुर्जा निवासी राजेश देवी, धीरेंद्र, औरंगाबाद के गांव गंगाहारी निवासी जितेंद्र, इंद्र सिंह, अहमदगढ़ के नौरंगाबाद निवासी महेंद्र को गिरफ्तार किया गया है।

दरोगा की तहरीर पर हुआ केस दर्ज
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नौरंगाबाद के महेंद्र के घर लड़की लेकर कलावती पहुंची तो आसपास खबर भेजी गई। लड़की देखने और खरीदने वालों की कुछ ही देर में भीड़ जुट गई। कुछ लोगों ने लाइन लगवाई। जिसका नंबर आता वह रुपये बोलता और लड़की से बातचीत करता। पहले तो लड़की को पता नहीं था, लेकिन कुछ देर बाद ही उसे बेचे जाने की जानकारी हो गई। लोगों के छूने से वह परेशान होकर रोने लगी

इसी बीच पुलिस पहुंची तो सारे खरीदार भाग गए। पुलिस को देखकर किशोरी के चेहरे पर मुस्कान आ गई। सौदेबाजी के लिए लगाए गए 12 हजार रुपये भी जब्त हुए हैं। दरोगा रामगोपाल की तहरीर पर इनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

की गिरफ्त में आरोपी
पुलिस जांच में पता चला है कि रांची की रहने वाली कलावती कई लड़कियों को बेच चुकी है। झारखंड के अलग-अलग इलाकों से 30-50 हजार रुपये में लड़कियां खरीदती है और यहां एक लाख रुपये तक में बेचती है। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि उसने बागपत, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, बुलंदशहर आदि जिलों में लड़कियों को बेचा है।

Source: National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *