2 Nov 2026, Mon

ओलंपियाड प्रशिक्षण जनजाति विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षा के लिए बनाएगा सक्षम: श्रीमती आबिदी

रायपुर, 02 सितंबर 2023/ आयुक्त आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विभाग श्रीमती शम्मी आबिदी ने कहा है कि ओलंपियाड प्रशिक्षण जनजाति विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षा हेतु सक्षम बनाएगा। श्रीमती आबिदी ओलंपियाड परीक्षा की तकनीक, पैटर्न और अध्यापन के तरीके लिए आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण में उपस्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के विज्ञान और गणित के शिक्षकों के प्रशिक्षण सत्र को सम्बोधित कर रही थी। प्रशिक्षण का आयोजन आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विभाग द्वारा 1 और 2 सितंबर को नवा रायपुर के आदिम जाति अनुसंधान और प्रशिक्षण संस्थान नवा रायपुर में किया गया। प्रशिक्षण में 205 प्रशिक्षणार्थी शामिल हुए।

प्रशिक्षण का शुभारंभ आदिम जाति, अनुसूचित जाति विभाग की आयुक्त श्रीमती शम्मी आबिदी ने किया। प्रशिक्षण में शिक्षकों को अपने विद्यालय के स्टूडेंट्स को ओलंपियाड परीक्षा की तकनीक, पैटर्न और अध्यापन के तरीके बताए गए। यह प्रशिक्षण दिल्ली से साइंस ओलंपियाड फाउंडेशन के विशेषज्ञों द्वारा प्रदान किया गया। प्रशिक्षित शिक्षक अपने जिले में जाकर अन्य सभी शिक्षकों को भी प्रशिक्षित करेंगे और शिक्षकों द्वारा स्कूल के बच्चों को ओलंपियाड परीक्षा की भी तैयारी कराएंगे।

ज्ञातव्य है कि ओलंपियाड परीक्षा एक अंतर्राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा है, जिससे स्टूडेंट्स की प्रतिभा विकास को बल मिलता है और पहचान मिलती है। इस परीक्षा के माध्यम से एकलव्य स्कूल के जनजातीय बच्चों को अंतर्राष्ट्रीय मंच पर आने और उन्हें उपलब्धि हासिल करने का अवसर प्राप्त होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *