5 Nov 2026, Thu

MP: कार की छत फाड़कर बैंक मैनेजर के सिर पर लगा नुकीला पत्थर, मौत

भोपाल
मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में सोमवार को हुए एक दर्दनाक हादसे में एक बैंक मैनेजर की मौत हो गई। बैतूल के पास एक कार की छत पर गिरे पत्थर ने गाड़ी चला रहे एक बैंक मैनेजर की जान ले ली। वहीं गाड़ी में मौजूद बैंक मैनेजर के दो साथियों को इस हादसे में कोई खरोंच तक नहीं आई। बताया जा रहा है कि हादसे की वजह बना पत्थर यहां 500 मीटर की दूरी पर चल रहे एक स्टोन क्रशर में हुए ब्लास्ट के बाद कार की छत पर गिरा था।

पुलिस के अनुसार, बैंक मैनेजर अशोक वर्मा (42) रविवार को होशंगाबाद स्थित अपने घर गए थे। वर्मा सोमवार को अपने दो साथियों धीरज सिन्हा और जितेंद्र सोनारे के साथ मारुति 800 कार से बैतूल वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 11.30 बजे नागपुर रोड के पास एक पत्थर गाड़ी की छत पर गिरा और अशोक वर्मा के सिर पर आ लगा। हादसे में अशोक वर्मा को गंभीर चोट आई और कुछ वक्त बाद ही उनकी मौत हो गई। हालांकि गाड़ी में सवार धीरज और जितेंद्र को किसी भी प्रकार की चोट नहीं आई।

नुकीले पत्थर के कारण हादसा
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे आमला पुलिस स्टेशन के प्रभारी एनएन मुकाती ने बताया कि हादसे के वक्त पत्थर कार की छत फाड़कर अशोक वर्मा के सिर पर जा लगा था। चूंकि यह पत्थर बहुत नुकीला था, इस कारण अशोक के सिर पर गंभीर चोट आई और उनकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, जिस स्टोन क्रशर के कारण हादसा हुआ वह हाइवे से 500 मीटर की दूरी पर अवैध रूप से चलाया जा रहा था। वहीं घटना के बाद अशोक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की गई है।

Source: Madhyapradesh Feed By RSS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *