11 May 2026, Mon

मुख्यमंत्री के अनुरोध पर आए सुपेबेड़ा के किडनी रोग से ग्रसित मरीजों का हुआ इलाज

रायपुर
 मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की विशेष पहल पर राजधानी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए गए ग्राम सुपेबेड़ा के किडनी रोग से ग्रसित दस मरीजों की गहन स्वास्थ्य जांच और इलाज किया गया। अस्पताल में भर्ती किए गए इन मरीजों के इलाज के बाद डिस्चार्ज करने के पहले पुनः स्वास्थ जांच की गई। स्वास्थ्य में सुधार होने पर सभी मरीज अपने घर के लिए रवाना हुए। सुपेबेड़ से आए इन सभी मरीजों ने अच्छे से इलाज की व्यवस्था कराने के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री ने संवेदनशील पहल करते हुए सुपेबेड़ा के किडनी रोग से ग्रसित इन मरीजों से संपर्क कर उनसे इलाज के लिए रायपुर आने का अनुरोध किया था। उन्होंने आगे भी चिकित्सा सुविधा के लिए रायपुर आने वाले मरीजों को बेहतर चिकित्सा दिलाने के लिए आश्वस्त किया है। इसके साथ ही उन्होंने देवभोग के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में किडनी मरीजों के इलाज के लिए डायलिसिस और किडनी रोग से संबंधित अन्य समस्याओं के निराकरण के लिए उचित व्यवस्था करने के लिए चिकित्सा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।

उल्लेखनीय है कि गरियाबंद जिले के ग्राम सुपेबेड़ा से आए ये मरीज मुख्यमंत्री के विशेष अनुरोध पर इलाज के लिए राजधानी रायपुर के रामकृष्ण अस्पताल में विगत सोमवार को भर्ती हुए थे। भर्ती किए गए इन मरीजों का अस्पताल के किडनी रोग विशेषज्ञों द्वारा गहन जांच और इलाज की व्यवस्था की गई। इन मरीजों के स्वास्थ्य में सुधार होने पर अस्पताल द्वारा कल डिस्चार्ज कर दिया गया है।

Source: National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *