8 Nov 2026, Sun

नसबंदी के बाद महिलाओं को जमीन पर लिटाने के मामलों में कड़ी कार्रवाई होगी : स्वास्थ्य मंत्री

इंदौर, दो दिसंबर (भाषा) मध्य प्रदेश के अलग-अलग सरकारी अस्पतालों में नसबंदी ऑपरेशनों के बाद महिलाओं को अमानवीय हालात में जमीन पर लिटाये जाने के मामलों में सोमवार को राज्य के लोक स्वास्थ्य मंत्री तुलसीराम सिलावट ने जांच के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया। सिलावट ने यहां संवाददाताओं से कहा, “ये मामले मेरे संज्ञान में आ चुके हैं। मैंने इन मामलों की विस्तृत जांच के आदेश दे दिये हैं। मामलों के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी।” उन्होंने कहा, “संबंधित महिलाओं को हुए कष्ट का प्रदेश सरकार को पूरा अहसास है। मैंने स्वास्थ्य विभाग के अफसरों को चेतावनी दी है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिये।” गौरतलब है कि गुजरे 10 दिन में विदिशा और छतरपुर जिलों के सरकारी अस्पतालों में नसबंदी ऑपरेशनों के बाद महिलाओं को जमीन पर लिटाये जाने की तस्वीरें सामने आयी हैं। सरकारी अस्पतालों में परिवार नियोजन सर्जरी कराने वाली महिलाओं के साथ इस अमानवीय बर्ताव की सोशल मीडिया पर भी आलोचना की जा रही है।

Source: Madhyapradesh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *