24 Jun 2026, Wed

मध्यप्रदेश में कांग्रेस की रैली रोकने के लिए भाजपा की महिला कार्यकर्ताएं लाठियां लेकर डटीं

भोपाल, चार दिसंबर (भाषा) मध्य प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा बुधवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय का घेराव करने के लिए निकाली गयी रैली को देखते हुए भाजपा की महिला कार्यकर्ताएं पार्टी मुख्यालय में उन्हें घुसने से रोकने के लिए हाथों में लाठियां लेकर खड़ी हो गयीं। कांग्रेस कार्यकर्ता भोपाल मध्य सीट के विधायक आरिफ मसूद के नेतृत्व में भोपाल की सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को भाजपा से निष्कासित करने की मांग करते हुए शहर के महाराणा प्रताप नगर के बोर्ड ऑफिस चौराहे से रैली निकालकर भाजपा प्रदेश मुख्यालय का घेराव करने जा रहे थे। कांग्रेस के घेराव के मद्देनजर एक सौ के करीब भाजपा की महिला कार्यकर्ता हाथ में लाठियां लेकर सुबह से ही अपने मुख्यालय में प्रदर्शनकारी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए तैनात थीं। साथ देने के लिए उनके पीछे भाजपा के पुरूष कार्यकर्ता भी खडे़ थे। इससे दोनों दलों के बीच टकराव की स्थिति पैदा हो सकती थी। लेकिन, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए कांग्रेस की रैली को भाजपा मुख्यालय से करीब आधा किलोमीटर दूर सरगम टॉकीज के पास रोक दिया। गोडसे के बारे में प्रज्ञा की विवादित टिप्पणी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता उन्हें भाजपा से निष्कासित करने की मांग को लेकर यह प्रदर्शन कर रहे थे। कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने मीडिया को बताया, ‘‘मैं मांग कर रहा हूं कि प्रज्ञा ठाकुर को बर्खास्त करो। आज भी प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह से अनुरोध करने जा रहा हूं कि आप बर्खास्त करिये।’’ जब उनसे सवाल किया गया कि प्रज्ञा ने अपने बयान के बाद माफी मांग ली है, अब इसका क्या औचित्य है, तो इस पर उन्होंने कहा, ‘‘इस माफी से हम लोग (कांग्रेस) संतुष्ट नहीं हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा को यह स्पष्ट करना चाहिए कि वे महात्मा गांधी के साथ हैं या गोडसे के साथ हैं।’’ भाजपा महिलाओं द्वारा लाठियां लेकर पहरा देने के सवाल पर मसूद ने कहा, ‘‘यह अच्छी बात नहीं हैं। यह उनकी (भाजपा) संस्कृति है। हम तो गांधीवादी संस्कृति के लोग हैं। हम उनके दरबार जा रहे हैं। होना तो यह चाहिए था कि भाजपा के लोगों को हमारा स्वागत करना चाहिए था। अगर वे लाठी चलाना चाहते हैं तो यह उनकी मर्जी है।’’ उधर, हुजूर विधानसभा सीट के भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा, ‘‘भाजपा कार्यालय पर गलत निगाह रखने वाले खबरदार हो जाएं। भाजपा का कार्यकर्ता राष्ट्रवाद के लिए जीता और मरता है। हमारे कार्यालय की तरफ आंख उठाकर देखा तो उसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।’’ उन्होंने कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘लोकतंत्र में विरोध प्रदर्शन करने का दायरा बनाया गया है। विधायक बनने से गुंडा का टैग नहीं हटाया जा सकता। हम भी छह दिसम्बर को कांग्रेस कार्यालय जाएंगे और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मिठाई खिलाएंगे।’’

Source: Madhyapradesh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *