7 Nov 2026, Sat

फर्रुखाबाद: योगी-UP पुलिस को शाह की बधाई

नई दिल्ली/फर्रुखाबाद
उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में एक शख्स द्वारा बंधक बनाए गए बच्चों को आजाद कराने पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सीएम योगी आदित्यनाथ और यूपी पुलिस की तारीफ की है। करीब 11 घंटे तक चले इस बंधक संकट के सूत्रधार सुभाष बाथम को पुलिस ने देर रात करीब 1 बजे मार गिराया, जबकि उसकी पत्नी को आक्रोशित ग्रामीणों ने पीट-पीटकर मार डाला।

गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट में लिखा, ‘उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में बंधक बनाए सभी बच्चों को पुलिस द्वारा अपनी कुशल रणनीति व योजना से सुरक्षित छुड़वाना प्रशंसनीय है। इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथजी और उत्तर प्रदेश पुलिस को बधाई देता हूं।’

पढ़ें:

फर्रुखाबाद के करथिया गांव में सुभाष नाम के सिरफिरे शख्स ने जन्मदिन मनाने के बहाने 21 बच्चों को दोपहर के वक्त बंधक बना लिया था। बच्चे वापस नहीं लौटे तो मासूमों के परिवारवालों ने सुभाष बाथम के घर का रुख किया। यहां जब लोग पहुंचे तो सुभाष ने उन पर फायरिंग कर दी। फिर ग्रामीणों ने आनन-फानन डायल 112 को फोन कर मामले की सूचना दी।

पुलिस ने सुभाष के एक दोस्त को उससे बातचीत करने के लिए भेजा। सुभाष ने अपने दोस्त पर भी गोली चला दी। पुलिस को स्थिति बेकाबू होती नजर आई, जिसके बाद एटीएस की मदद मांगी गई। रात 9 बजे के करीब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आपात बैठक बुलाई। इसमें मुख्य सचिव, डीजीपी, एडीजी लॉ ऐंड ऑर्डर और गृह विभाग के प्रमुख सचिव भी शामिल हुए। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि बच्चों को सुरक्षित छुड़वाया जाए।

Source: National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *