6 Nov 2026, Fri

सरकार की घोषणा के परिपालन में मुख्य सचिव ने अधिकारियों की उच्च स्तरीय ली बैठक

100 दिन की कार्य योजना पर काम शुरू

रायपुर, 23 दिसम्बर 2023/मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देश पर मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन ने आज यहां रायपुर के चिप्स कार्यालय में राज्य सरकार की घोषणा-पत्र के क्रियान्वयन और परिपालन के लिए समयबद्ध कार्य योजना तैयार करने के लिए राज्य शासन के विभागों के भारसाधक सचिवों की बैठक ली। बैठक में घोषणा-पत्र में की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन के लिए राज्य सरकार के 100 दिन में किए जाने वालों कार्यों के संबंध में विभागीय अधिकारियों से व्यापक विचार विमर्श किया गया। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य शासन के 100 दिवस में किए जा सकने वाले कार्यों को तय कर समय सीमा मेें कार्य सुनिश्चित किया जाएं।

मुख्य सचिव श्री जैन ने घोषणा-पत्र के क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों से त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव ने बैठक में घोषणा-पत्र के क्रियान्वयन के लिए बजट और नॉन बजट के कार्यों को अद्यतन कर शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजित इस बैठक में अपर मुख्य सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास श्री सुब्रत साहू, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अपर मुख्य सचिव श्रीमती रेणुजी पिल्ले, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, लोक निर्माण उद्योग एवं महिला बाल विकास के सचिव श्री भुवनेश यादव, ऊर्जा विभाग के सचिव श्री अंकित आनंद, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. एस भारतीदासन, खाद्य विभाग के सचिव श्री टोपेश्वर वर्मा सहित सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *