7 Nov 2026, Sat

बस-टैम्पो की टक्कर में छात्र की मौत, छह घायल

सहारनपुर, 15 अक्टूबर (भाषा) जिले के सरसावा थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह बच्चों को लेकर स्कूल जा रहे एक टैम्पो को राज्य परिवहन निगम की एक बस ने टक्कर मार दी जिससे एक छात्र की मौत हो गई और छह अन्य छात्र घायल हो गए। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने मुख्य मार्ग पर जाम लगाते हुए बस के शीशे तोड़ दिये । मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाया और घायलों को उपचार के लिये प्राथमिक स्वास्थय केन्द्र में भर्ती कराया । पुलिस अधीक्षक (शहर) विनीत भटनागर ने बताया कि आज सुबह मदर टेरेसा पब्लिक स्कूल का एक टैम्पो बच्चों को लेकर स्कूल जा रहा था। अम्बाला राजमार्ग पर राज्य परिवहन निगम की बस ने इस टैम्पो को टक्कर मार दी जिससे उस पर सवार आधा दर्जन छात्र घायल हो गये तथा आठवीं कक्षा के छात्र अरहान की मौके पर ही मौत हो गई । उन्होंने बताया कि हादसे के बाद बस को वहीं छोड़ कर चालक फरार हो गया । मृतक छात्र अरहान के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिये भेजा तथा घायलों को उपचार के लिये प्राथमिक स्वास्थ केन्द्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस फरार बस चालक की तलाश कर रही है।

Source: Uttarpradesh Feed By RSS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *