24 Jun 2026, Wed

लंदन ब्रिज हमले का सहयोगी हुआ अरेस्ट

लंदन
हमले को अंजाम देने वाले आतंकवादी उस्मान खान के एक सहयोगी को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही घटनास्थल को पुलिस की भारी मौजूदगी में सोमवार को यातायात और पैदल यात्रियों के लिए खोल दिया गया। उसने पिछले शुक्रवार को लंदन ब्रिज पर चाकू घोंपकर दो लोगों की हत्या कर दी थी। फर्जी आत्मघाती जैकेट पहने इस हमलावर को बाद में पुलिस ने गोली से उड़ा दिया था।

इस आतंकवादी के साथी नजम हुसैन को तब गिरफ्तार किया गया जब ब्रिटेन की सुरक्षा सेवाओं ने खतरनाक कैदियों के बारे में तात्कालिक समीक्षा की। हुसैन का परिवार भी पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के उसी गांव से ताल्लुक रखता है जिस गांव से खान का परिवार ताल्लुक रखता है।

इन दोनों को लंदन स्टॉक एक्सचेंज में बम रखने और 2012 में पीओके में मदरसे की आड़ में आतंकी प्रशिक्षण शिविर स्थापित करने की योजना बनाने के कृत्य में दोषी पाया गया था। उस्मान और हुसैन दोनों 2011 में पीओके जाने की योजना बना रहे थे, लेकिन सुरक्षाबलों ने दिसंबर 2010 में समन्वित छापेमारी में उन्हें गिरफ्तार कर उनके नौ सदस्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया था। आतंकवाद रोधी अधिकारियों ने 34 वर्षीय हुसैन को सप्ताहांत मध्य इंग्लैण्ड के स्टैफोर्डशाइर स्थित स्टोक ऑन ट्रेंट से गिरफ्तार किया। उस्मान खान भी यहीं रहता था।

स्टैफोर्डशाइर पुलिस के उप मुख्य कॉन्स्टेबल निक बेकर ने कहा, ‘स्टैफोर्डशाइर पुलिस शुक्रवार को हुई लंदन ब्रिज घटना और आतंकवाद के दोषियों की लाइसेंस शर्तों की समीक्षा के तहत वेस्ट मिडलैंड्स काउंटर टेररिज्म यूनिट द्वारा बीती रात एक व्यक्ति को गिरफ्तार किए जाने के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा की भावना भरने के लिए आसपास के इलाकों में लगातार गश्त कर रही है।’

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *